बेल्थरारोड- बलिया जनपद के बेल्थरा रोड स्थित सिसैरकलां गांव के पवित्र ऐतिहासिक दिगम्बर बाबा की पर्ती भूमि पर शाम्भवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप के नेतृत्व में हजारों लोगों ने विजय ध्वज को स्थापित कर दिया ।
बता दें कि मुगल काल में दिगम्बर बाबा उपनाम डम्बर बाबा ने कसाईयों से गौ माता की रक्षा करते हुए अपनें प्राणों की आहुति दे दी थी। लड़ते हुए घायल अवस्था में उनका रक्त जहां तक की भूमि पर गिरा वहां की भूमि को लोगों द्वारा श्रद्धा पूर्वक गोचर भूमि घोषित कर दिया गया।लोग प्रत्येक वर्ष श्रद्धापूर्वक कथा पूजा करते हैं।ऐसी मान्यता है कि बाबा आज भी गौ की रक्षा करते हैं। पिछले दिनों प्रशासन की अनुसंशा पर जब विद्युत परियोजना और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की कोशिश में अधिकारियों की टीम पहुंची तो लोगों ने कड़ा विरोध किया। लोगों का मानना है कि ऐसे कृत्य से जन आस्था को गहरी चोट पंहुचेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शाम्भवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप ने गुरुवार को सैकड़ों लोगों के साथ तहसील परिसर का घेराव कर उ प्र सरकार को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और चेतावनी दिया कि कल दिगम्बर बाबा की पर्ती भूमि पर विजय ध्वज को स्थापित किया जाएगा। अगर इस ऐतिहासिक भूमि को किसी सरकारी या गैर सरकारी संस्था द्वारा भविष्य में अधिग्रहण का प्रयास भी होता है तो इसका कड़ा प्रतिकार होगा।बलिया वीरों की भूमि है यह बलिदान देना जानती है।
ध्वज स्थापना के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि मेरे पूर्वज महान क्रांतिकारी मंगल पाण्डेय ने धर्म को बचाने के लिए क्रांति का बिगुल फूंका था जिसकी लौ पूरे देश में जली थी, मैं उनका वंशज हूं आज डम्बर बाबा की पवित्र भूमि को बचाने के लिए धर्मरक्षा का बिगुल फूंकता हूं और चेतावनी देता हूं कि प्रशासन को इस पवित्र भूमि को कब्जा कराने की कुचेष्टा त्याग देनी चाहिए अगर इस भूमि पर एक फावड़ा भी चला तो बड़ा और उग्र आंदोलन होगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन सत्ता की होगी।
इस अवसर पर आचार्य अखिलेश शुक्ल, करूणेश सिंह, ज्ञान प्रकाश मिश्र, अवनीश मिश्र, सत्य प्रकाश उपाध्याय, प्रेम प्रकाश उपाध्याय,जय प्रकाश उपाध्याय, आदित्य दूबे, रविन्द्र यादव, संजय यादव, देवेन्द्र यादव,सोनू यादव,श्रवण प्रजापति, दुर्गेश कुमार, आशीष तिवारी, अंकित दूबे, राकेश चौबे, रजनीश सिंह,चंदन कुमार,रघू मिश्र,राजू यादव, नारायण आदि सैकड़ों युवाओं ने सहभागिता की।