हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी (डीएम) मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने अधिकारियों की टीम के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को तय समय के भीतर सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हिल बाईपास, सप्त ऋषि क्षेत्र, रोड़ी बेल वाला मैदान और नजीबाबाद हाईवे सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया। इस दौरान सड़क निर्माण, सीवर लाइन, पुलों की मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले से जुड़े सभी जरूरी निर्माण और मरम्मत कार्य 25 जुलाई तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक संचालन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की विस्तृत योजना तैयार की गई है। प्रमुख चौराहों, कांवड़ पटरी मार्ग और हाईवे पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही आधुनिक निगरानी व्यवस्था के जरिए पूरे मेले पर नजर रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि कार्य समय पर पूरा करने के साथ उसकी गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुगम रहे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 25 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि पार्किंग, सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
डीएम ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ मेले के साथ-साथ कुंभ मेले की तैयारियां भी चल रही हैं। दोनों व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो।
प्रशासन के अनुसार इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि हाईवे, कांवड़ पटरी मार्ग और आंतरिक सड़कों पर 20 जुलाई तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं। इसके बाद मेले के दौरान किसी भी सड़क पर निर्माण कार्य की अनुमति नहीं होगी, ताकि यातायात प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित व सुचारु रूप से संपन्न हो सके।




